रणबीर कपूर और यश स्टारर फिल्म 'रामायण' इन दिनों चर्चा में है, और वजह है इसका रिकॉर्ड तोड़ बजट। फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने हाल ही में पुष्टि की कि इस मेगा प्रोजेक्ट का कुल बजट ₹1600 करोड़ तक पहुंच चुका है। यह बजट सिर्फ एक फिल्म के लिए नहीं है, बल्कि पूरी 'रामायण ट्राइलॉजी' के लिए तय किया गया है, जिसमें तीन पार्ट्स शामिल हैं।
पहला पार्ट, यानी 'रामायण: पार्ट 1' का बजट करीब ₹900 करोड़ बताया जा रहा है, जबकि दूसरे पार्ट पर ₹700 करोड़ खर्च किए जाएंगे। तीसरे पार्ट की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। इतना भारी भरकम बजट अब तक किसी भी भारतीय फिल्म में नहीं देखा गया है।
इससे पहले 'आरआरआर' (₹550 करोड़), 'कैल्कि 2898 एडी' (₹600 करोड़) और 'आदिपुरुष' (₹500–700 करोड़) जैसी फिल्में टॉप पर थीं, लेकिन अब रामायण ने सबको पीछे छोड़ दिया है।
फिल्म की स्टारकास्ट भी बेहद खास है। रणबीर कपूर भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं, यश रावण के रोल में दिखेंगे और साई पल्लवी सीता के किरदार में नजर आएंगी। सनी देओल को हनुमान के रूप में कास्ट किया गया है, जबकि लक्ष्मण का रोल टीवी एक्टर रवि दुबे निभा रहे हैं।
फिल्म की रिलीज दो हिस्सों में होगी – पहला पार्ट दिवाली 2026 में और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में रिलीज़ किया जाएगा। फिल्म के VFX पर ऑस्कर जीतने वाली कंपनी DNEG काम कर रही है, और म्यूजिक में ए.आर. रहमान और हंस ज़िमर जैसे बड़े नाम जुड़े हैं।
इस प्रोजेक्ट को सिर्फ एक फिल्म के रूप में नहीं, बल्कि एक ग्लोबल सिनेमा अनुभव की तरह पेश किया जा रहा है। निर्माता का कहना है कि रामायण भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी कहानी है और उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उतनी ही भव्यता से दिखाना चाहिए।